शिवपुरी- 12 वां प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार स्मृति सम्मान समारोह गरिमापूर्वक संपन्न
शिवपुरी- 12 वां प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार स्मृति सम्मान समारोह गरिमापूर्वक संपन्न
शिवपुरी। शिक्षा, सेवा और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित 12वां प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार स्मृति सम्मान समारोह गुरुवार शाम नक्षत्र गार्डन में गरिमामय एवं भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शिक्षा, समाजसेवा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना के कुलगुरु प्रोफेसर (डॉ.) किशन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता कलेक्टर शिवपुरी श्री अर्पित वर्मा ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक सुश्री यांगचेन डोलकर भूटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
समारोह में इस वर्ष का प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार स्मृति सम्मान दो कर्मयोगियों को प्रदान किया गया। सेवानिवृत्त शिक्षक श्री ओमप्रकाश दीक्षित को गरीब, मजदूर एवं असहाय परिवारों के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने तथा उनके भविष्य को दिशा देने के लिए शिक्षा-सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया।
वहीं प्रबुद्ध विचारक, साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री सुरेन्द्रपाल सिंह कुशवाह को साहित्य-सृजन, युवाओं के शैक्षणिक मार्गदर्शन, गौवंश संरक्षण, जैविक कृषि के प्रोत्साहन तथा ऋण-मुक्ति, दुर्घटना बीमा एवं बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से समाजहित में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार के व्यक्तित्व और उनके 41 वर्षों के शैक्षणिक जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के माध्यम से अनेक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा दी। उनके संस्कार और शिक्षकीय मूल्यों की छाप आज भी उनके विद्यार्थियों एवं समाज में दिखाई देती है।
वर्ष 2015 से प्रारंभ हुई प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार स्मृति सम्मान की यह परंपरा अब 12वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। यह आयोजन शिक्षा, सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के साथ ही नई पीढ़ी को समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा भी देता है।
समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों, आयोजकों और गणमान्य नागरिकों ने प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार की स्मृति को नमन करते हुए सम्मानित विभूतियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का वातावरण ज्ञान, सेवा और मानवीय मूल्यों के संदेश से ओतप्रोत रहा।



कोई टिप्पणी नहीं