Breaking News

पोहरी के छर्च में जनसुनवाई शिविर आयोजित; कलेक्टर श्री वर्मा ने मौके पर सुनीं समस्याएं, कई प्रकरणों का हुआ त्वरित निराकरण।

पोहरी के छर्च में जनसुनवाई शिविर आयोजित; कलेक्टर श्री वर्मा ने मौके पर सुनीं समस्याएं, कई प्रकरणों का हुआ त्वरित निराकरण।

कुड़ी गांव में सड़क का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर अर्पित वर्मा।

दौलतराम को रेडक्रॉस से मिली ₹10,000 की तत्काल आर्थिक सहायता।

शिवपुरी। ‘प्रशासन गांव की ओर’ की मंशा को धरातल पर साकार करते हुए, शिवपुरी जिले के पोहरी जनपद अंतर्गत ग्राम छर्च में विशेष जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। आमजन की समस्याओं के घर-पहुँच समाधान के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने ग्रामीणों की एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना। कलेक्टर श्री वर्मा ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुँचाई।

रास्ते में गाड़ी रुकवाकर ग्रामीणों से मिले, कुड़ी गांव में ली मूलभूत सुविधाओं की जानकारी

छर्च गांव में आयोजित जनसुनवाई में शामिल होने जा रहे कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय दिया। रास्ते में कुड़ी गांव के पास ग्रामीणों को एकत्र देख उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और स्वयं उनके साथ गांव जाने वाले मुख्य मार्ग का जायजा लेने पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क न होने से आवागमन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों के बारे में बताया। इस दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने ग्रामीणों से गांव में बिजली, पेयजल, आवास, राशन वितरण, पेंशन और स्कूल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का भी फीडबैक लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल ग्राम सचिव को गांव में उपस्थित होने के निर्देश दिए, साथ ही तहसीलदार एवं जनपद सीईओ को कुड़ी गांव में विशेष शिविर आयोजित कर सभी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश जारी किए।

बीमारी से पीड़ित दौलतराम को रेड क्रॉस से ₹10,000 की तत्काल आर्थिक सहायता

जनसुनवाई शिविर के दौरान ग्राम छर्च निवासी आवेदक दौलतराम कुशवाह ने उपस्थित होकर अपनी गंभीर बीमारी तथा इलाज में आ रही आर्थिक तंगी से कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा को अवगत कराया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने सहृदयता का परिचय दिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए रेड क्रॉस से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही स्वीकृत किए गए पेंशन आदेश, खाद्यान्न पर्ची और खसरा-खतौनी की प्रतियां

शिविर के दौरान राजस्व एवं सामाजिक न्याय विभाग की सेवाओं का त्वरित लाभ देते हुए कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया। मौके पर ही कमला पति प्रभु जाटव, खैंरू पिता कमलू जाटव, अनीता पति सुआलाल तथा गया पति करनजीत कुशवाह सहित अन्य पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। इसके साथ ही संतोष कुशवाह, ग्यारसी कुशवाह, अंजू जाटव, रामसिंह जाटव, राकेश कुशवाह एवं लाली जाटव को खाद्यान्न पात्रता पर्ची जारी की गई। इसके अलावा राजस्व विभाग द्वारा आवेदकों के भू-अभिलेख संबंधी आवेदनों का निराकरण करते हुए मौके पर ही फौती नामांतरण की खसरा एवं खतौनी की अद्यतन नकलें उपलब्ध कराई गईं।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण अंचलों में आमजन को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े और शासकीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का एक निश्चित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, पोहरी जनपद सीईओ ऑफिसर सिंह गुर्जर सहित जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं