Breaking News

शिवपुरी मे 25 सितंबर को होगा श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक का भव्य गणेश महोत्सव मुख्य समारोह।

शिवपुरी मे 25 सितंबर को होगा श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक का भव्य गणेश महोत्सव मुख्य समारोह।

दुल्हन की तरह सजा शहर, जगह-जगह लगेंगे निःशुल्क प्रसादी के स्टॉल; देर रात तक चलेगा रंगारंग कार्यक्रमों का सिलसिला।

शिवपुरी। श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक द्वारा आयोजित भव्य गणेश महोत्सव का मुख्य समारोह 25 सितंबर को हंस बिल्डिंग न्यू ब्लॉक स्थित मंच पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर शहर में खासा उत्साह है। मुख्य समारोह के अवसर पर नगर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं विभिन्न साज-सज्जाओं से दुल्हन की तरह सजाया गया है। वहीं शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रसादी एवं खान-पान के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

रंगारंग कार्यक्रमों के साथ होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

समारोह में रात भर रंगारंग कार्यक्रमों का सिलसिला चलेगा। गणपति विसर्जन के अवसर पर शिवपुरी शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए एकल नृत्य प्रतियोगिता एवं ग्रुप डांस सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।आगरा से आने वाला कैट डांस ग्रुप मंच पर अपनी विशेष प्रस्तुति देगा, वहीं नारायण म्यूजिकल ग्रुप भी अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेगा। कार्यक्रम में अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां भी मुख्य समारोह का आकर्षण रहेंगी।

इस मार्ग से निकलेंगे गणेश जी के विमान

समिति ने शहर की सभी गणेश समितियों से आग्रह किया है कि वे अपने गणेश जी के विमान, चल झांकियां एवं शोभायात्रा निर्धारित समय पर लेकर पहुंचें। सभी विमान थीम रोड से लक्ष्मी निवास, हंस बिल्डिंग स्थित मुख्य मंच के समीप से होते हुए न्यू ब्लॉक, नरहरि चौक से अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।

समिति ने सभी गणेश पांडाल समितियों से शामिल होने का किया आह्वान

समिति के प्रचार-प्रसार प्रभारी ब्रज दुबे एवं वरुण भार्गव ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि समिति के अध्यक्ष तेजमल सांखला, महासचिव महेंद्र रावत एवं सचिव सौरभ सांखला सहित समस्त पदाधिकारियों ने सभी गणेश समितियों से समय पर अपने विमान एवं झांकियों के साथ पहुंचने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि आयोजन में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सभी गणेश समितियों की आकर्षक झांकियां एवं गणपति जी के विमान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर भगवान गणपति के भव्य दर्शन करने और भावपूर्ण विदाई समारोह में सहभागी बनने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं